राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट से औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों को गति मिलने की उम्मीद
राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट से औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों को गति मिलने की उम्मीद
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गेल (इंडिया) लिमिटेड की यह प्रस्तावित परियोजना राजनांदगांव सहित आसपास के क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से रायपुर स्थित उनके निवास पर आत्मीय भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 समेत छत्तीसगढ़ के औद्योगिक और आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजनांदगांव में गेल (इंडिया) लिमिटेड का प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट क्षेत्र के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना साबित होगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही सहायक उद्योगों, व्यापारिक गतिविधियों और अन्य संबंधित क्षेत्रों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि फर्टिलाइजर प्लांट की स्थापना से राजनांदगांव और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ प्रदेश के औद्योगिक विकास को भी व्यापक आधार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और निवेश को प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। नई संभावनाओं वाले उद्योगों के विस्तार के साथ आधुनिक तकनीक और उच्च मूल्य आधारित विनिर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ को इलेक्ट्रॉनिक्स और आधुनिक विनिर्माण के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे प्रदेश में नई औद्योगिक संभावनाओं के साथ निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं और निवेश के लिए नई संभावनाएं बनी हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में आने वाला निवेश केवल औद्योगिक विस्तार तक सीमित न रहे, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, क्षेत्रों के विकास और आर्थिक समृद्धि का माध्यम बने।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर परियोजना भी इसी व्यापक विकास दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
The post राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट से औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों को गति मिलने की उम्मीद appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


