होम Technology रक्षाबंधन पर केरसई पहुंची सरकार, बहनों को विकास की नई सौगात
Technology

रक्षाबंधन पर केरसई पहुंची सरकार, बहनों को विकास की नई सौगात

WhatsApp Facebook
रक्षाबंधन पर केरसई पहुंची सरकार, बहनों को विकास की नई सौगात

For latest updates, join our official groups:

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

रायपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम केरसई में भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का भावपूर्ण नजारा देखने को मिला। यहां आयोजित ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहुंचे, जहां क्षेत्र की महिलाओं और बहनों ने उत्साह के साथ उन्हें राखी बांधी। बहनों के स्नेह से अभिभूत मुख्यमंत्री ने उनसे आत्मीय संवाद किया और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और जिम्मेदारी के संकल्प का भी पर्व है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की माताओं और बहनों से मिले स्नेह और विश्वास को बनाए रखना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र की जनता का सम्मान और सिर हमेशा ऊंचा रहे तथा विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

IMG-20260828-WA0020-300x200 रक्षाबंधन पर केरसई पहुंची सरकार, बहनों को विकास की नई सौगात

मुख्यमंत्री ने कहा कि माताओं और बहनों का सम्मान, सशक्तिकरण और खुशहाली परिवारों को मजबूत बनाती है और मजबूत परिवारों के माध्यम से ही विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है।

 

केरसई को मिली विकास कार्यों की बड़ी सौगात

 

रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की मांगों को स्वीकार करते हुए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने घासीमुंडा में जर्जर प्राथमिक शाला के स्थान पर नया शाला भवन बनाने, केरसई तालाब का सौंदर्यीकरण कराने और केरसई में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा की।

IMG-20260828-WA0021-300x200 रक्षाबंधन पर केरसई पहुंची सरकार, बहनों को विकास की नई सौगात

इसके साथ ही केरसई और घासीमुंडा के बजरंग बली मंदिरों के जीर्णोद्धार, मुख्य मार्ग से अरुण के घर तक सीसी सड़क निर्माण, ग्राम पंचायत कोहपानी के गढ़वामुड़ा यादव बस्ती में सामुदायिक भवन, घासीमुंडा में सामुदायिक भवन तथा ग्राम ऊपरकछार में महतारी सदन निर्माण की घोषणा भी की गई।

 

मुख्यमंत्री ने केरसई में करीब 84.69 लाख रुपए के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और सामुदायिक भवन जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार कर रही है। स्थानीय जरूरतों और ग्रामीणों की मांगों के आधार पर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

 

महिला सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं के केंद्र में महिलाओं का सम्मान, आर्थिक स्वावलंबन और खुशहाली है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्व-सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ गांवों की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे रही हैं।

 

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। यह राशि महिलाओं की घरेलू जरूरतों, बच्चों की शिक्षा और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों में उपयोग हो रही है। इससे महिलाओं के आर्थिक आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को मजबूती मिल रही है।

 

उन्होंने ड्रोन दीदियों का उदाहरण देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं आधुनिक तकनीक के माध्यम से रोजगार और आय के नए अवसर हासिल कर रही हैं। जशपुर जिले की महिलाओं को 50 ई-रिक्शा दिए जाने से स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के नए रास्ते खुलेंगे।

 

किसानों और गरीब परिवारों के लिए सरकार की योजनाएं

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। सरकार का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

 

प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों के लिए बड़ी संख्या में पक्के मकानों का निर्माण किया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र परिवार आवास जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित न रहे।

 

उन्होंने श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ऐसे लोगों को धार्मिक और तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध करा रही है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से अब तक यात्रा नहीं कर पाते थे।

 

नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई से विकास को मिली गति

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के बाद प्रदेश के दूरस्थ और प्रभावित क्षेत्रों में विकास के लिए बेहतर वातावरण तैयार हुआ है। जिन क्षेत्रों में पहले विकास कार्यों में बाधाएं आती थीं, वहां अब सड़क, बिजली, पानी, राशन और दूरसंचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि सुरक्षा और विकास दोनों मोर्चों पर सरकार लगातार काम कर रही है। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

 

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से दर्ज करें शिकायत

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी देते हुए कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें इस माध्यम से सीधे दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाने और जनसमस्याओं के समाधान को आसान करने में यह हेल्पलाइन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

 

मुख्यमंत्री ने लोगों से मुख्यमंत्री बिजली बिल राहत योजना का लाभ लेने और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों में सौर पैनल लगवाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से बिजली खर्च कम करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

जशपुर में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा का विस्तार

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले में मेडिकल कॉलेज के साथ एमसीएच यूनिट, फिजियोथेरेपी, नर्सिंग और स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूसरे जिलों या दूरदराज के क्षेत्रों में जाने की जरूरत कम हो और स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों।

 

‘विष्णु भैया’ के रूप में मिला बहनों का स्नेह

 

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने क्षेत्रवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को बहनों का ‘विष्णु भैया’ बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद बहनों के बीच पहुंचकर राखी बंधवा रहे हैं और उनसे आत्मीय संवाद कर रहे हैं। यह प्रदेश की माताओं और बहनों के साथ उनके आत्मीय रिश्ते को दर्शाता है।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगें पूरी हो रही हैं और जशपुर लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

 

हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ

 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बालिका आयुषी को पासबुक प्रदान की गई। वहीं स्वामित्व योजना के तहत कौशल्या पैंकरा, कमला बाई, लालो, ज्योति बाई और सुमेत्रा खैरवार को आवासीय पट्टे वितरित किए गए।

 

मुख्यमंत्री ने सरस्वती स्व-सहायता समूह को एक लाख रुपए का चेक प्रदान किया। उन्होंने समूह की महिलाओं से बातचीत कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

 

The post रक्षाबंधन पर केरसई पहुंची सरकार, बहनों को विकास की नई सौगात appeared first on Ekhabri.com.

Source: Ekhabri

Ekhabri
मीडिया पार्टनर साभार (Syndicated) Ekhabri
मूल लेख पढ़ें ↗
दोस्तों के साथ साझा करें
📰 सम्बन्धित समाचार

यह भी पढ़ें (सम्बंधित ख़बरे)