मुख्यमंत्री ने नीट सफल छात्रों संग साझा किया विकसित छत्तीसगढ़ विजन
रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रयास आवासीय विद्यालयों के नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में संचालित 17 प्रयास आवासीय विद्यालय दूरस्थ, आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय उनके माता-पिता, शिक्षकों और कड़ी मेहनत को दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों से संवेदनशील और सेवा भाव रखने वाले डॉक्टर बनने का आह्वान करते हुए कहा कि डॉक्टर समाज में भगवान के बाद दूसरा स्थान रखते हैं और उनका व्यवहार ही कई बार मरीज के इलाज का महत्वपूर्ण हिस्सा बन जाता है।
मुख्यमंत्री ने राज्य में शिक्षा के विस्तार पर जोर देते हुए बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं, जहां 24 घंटे अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही, ट्रायबल यूथ हॉस्टल में सीटें 50 से बढ़ाकर 200 कर दी गई हैं, जहां छात्रों को निःशुल्क आवास और भोजन मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य में मेडिकल शिक्षा का दायरा लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और 5 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे एमबीबीएस की सीटों में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान का उल्लेख करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और संस्कारित युवा ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण कर सकते हैं।
संवाद सत्र में विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, खेल, राजनीति और सुशासन जैसे विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका मुख्यमंत्री ने विस्तार से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा न बने।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम लागू किए जा रहे हैं और शासकीय विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इसके अलावा, पर्यटन, उद्योग और कृषि क्षेत्र में भी राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
उन्होंने नक्सलवाद के समाप्त होने के बाद बस्तर और सरगुजा में पर्यटन संभावनाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया और कहा कि इससे लाखों रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। साथ ही, राज्य में ऊर्जा, खनिज और कृषि क्षेत्र में हो रहे निवेश से छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और तकनीक आधारित प्रशासन के माध्यम से राज्य के हर नागरिक तक बेहतर सेवाएं पहुंचाना सरकार का संकल्प है।
The post मुख्यमंत्री ने नीट सफल छात्रों संग साझा किया विकसित छत्तीसगढ़ विजन appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


