भिलाई इस्पात संयंत्र को बेचने की खबरें फर्जी, मंत्रालय ने किया खंडन
रायपुर। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) को बेचने की योजना से जुड़ी सोशल मीडिया और कुछ प्रिंट मीडिया में प्रसारित खबरों को असत्य एवं भ्रामक बताया गया है। इस्पात मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से इन दावों का खंडन किया है। वहीं, प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक इकाई ने भी इन खबरों को झूठा और निराधार करार दिया है।
भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने कर्मचारियों, हितधारकों और छत्तीसगढ़ की जनता से अपील की है कि वे ऐसी अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे साझा करें। प्रबंधन ने कहा है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर किसी भी जानकारी को प्रसारित करने से पहले उसकी पुष्टि आधिकारिक एवं प्रमाणित स्रोतों से अवश्य कर लेनी चाहिए।
भिलाई इस्पात संयंत्र छत्तीसगढ़ की औद्योगिक पहचान और गौरव का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्थापना के बाद से ही इस संयंत्र ने राज्य के औद्योगिक विकास में अहम योगदान दिया है। इसने हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ सहायक उद्योगों को बढ़ावा दिया है और अनेक परिवारों की आजीविका को मजबूती प्रदान की है।
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) की प्रमुख इकाइयों में शामिल भिलाई इस्पात संयंत्र देश के इस्पात उत्पादन और औद्योगिक क्षमता को मजबूत करने में निरंतर योगदान दे रहा है। संयंत्र प्रबंधन ने लोगों से सतर्क रहने और भ्रामक सूचनाओं को फैलने से रोकने की अपील की है।
प्रबंधन के अनुसार, इस तरह की अपुष्ट खबरों से कर्मचारियों, उनके परिवारों और आम जनता के बीच अनावश्यक भ्रम पैदा हो सकता है। इसलिए किसी भी दावे पर भरोसा करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि करना जरूरी है।
The post भिलाई इस्पात संयंत्र को बेचने की खबरें फर्जी, मंत्रालय ने किया खंडन appeared first on Ekhabri.com.
साभार: Ekhabri

