बिजली कर्मियों को दिवाली से पहले मिलेगा बढ़ा हुआ बोनस!
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिजली कर्मचारियों को दिवाली से पहले बढ़ी हुई बोनस और एक्सग्रेसिया राशि का भुगतान किया जाएगा। पावर कंपनी के प्रबंध निदेशक (ट्रांसमिशन) आर.के. शुक्ला ने छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ-महासंघ (बीएमएस) के प्रतिनिधिमंडल को यह आश्वासन दिया है। महासंघ ने इस वर्ष बोनस राशि बढ़ाने और त्योहार से पहले भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की थी।
महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पावर कंपनी मुख्यालय में प्रबंध निदेशक शुक्ला से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बिजली कर्मचारी पूरे साल विद्युत उत्पादन, पारेषण और वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी मेहनत और सेवाओं को देखते हुए इस साल बोनस और एक्सग्रेसिया राशि में पिछले वर्ष की तुलना में वृद्धि की जानी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि दिवाली से पहले राशि का भुगतान होने से कर्मचारियों और उनके परिवारों को त्योहार की तैयारियों में सहूलियत मिलेगी। मांगों पर चर्चा के दौरान प्रबंध निदेशक ने भरोसा दिलाया कि इस वर्ष बढ़ी हुई राशि का भुगतान दिवाली से पहले शीघ्र किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री एवं विद्युत प्रभारी राधेश्याम जायसवाल, छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ-महासंघ के प्रदेश महामंत्री नवरतन बरेठ, क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं रायपुर जिला मंत्री परमेश्वर कन्नौजे, क्षेत्रीय सचिव नीलाम्बर सिन्हा, अखिल भारतीय कार्यसमिति सदस्य रीता बघेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पूरन दास कठूरे और कल्पना तुमराम, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पवन ओंगले तथा प्रदेश ठेका प्रभारी एस.के. मजूमदार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। महासंघ ने बिजली कर्मियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर प्रबंधन से सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई है।
The post बिजली कर्मियों को दिवाली से पहले मिलेगा बढ़ा हुआ बोनस! appeared first on Ekhabri.com.
साभार: Ekhabri


