बाढ़ में फंसे 6 कर्मचारी एयरलिफ्ट, प्रशासन ने ऐसे बचाई जान
रायपुर। लगातार बारिश और बाढ़ के बीच इंद्रावती नदी पार माड़ क्षेत्र में फंसे पटवारी और सर्वेयर समेत 6 कर्मचारियों को जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से एयरलिफ्ट कर सुरक्षित बीजापुर जिला मुख्यालय लाया गया। जिला मुख्यालय पहुंचने के बाद सभी कर्मचारियों का जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जहां उनकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य पाई गई।
जानकारी के अनुसार, गिरदावरी सर्वे कार्य के लिए पटवारी और सर्वेयर का 6 सदस्यीय दल बड़ेपल्ली और गुट्टामंगी क्षेत्र में गया था। इसी दौरान क्षेत्र में लगातार बारिश होने से नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। बाढ़ की स्थिति बनने के कारण सर्वे दल के सभी सदस्य वहीं फंस गए।
कर्मचारियों के फंसे होने की जानकारी मिलते ही कलेक्टर विश्वदीप ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने बिना समय गंवाए एयरलिफ्ट की व्यवस्था की और सभी 6 कर्मचारियों को सुरक्षित जिला मुख्यालय पहुंचाया।
बीजापुर जिला अस्पताल में कलेक्टर विश्वदीप की मौजूदगी में सभी कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। कलेक्टर ने कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। सुरक्षित वापस लौटे कर्मचारियों के चेहरों पर राहत और अपने परिजनों से दोबारा मिलने की खुशी साफ नजर आई।
कलेक्टर ने कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद अपने दायित्व का निर्वहन करने वाले कर्मचारियों के कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाढ़ और आपदा की परिस्थितियों में जिला प्रशासन पूरी सजगता और तत्परता के साथ काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राहत और बचाव दल लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके और जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
बाढ़ की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच जिला प्रशासन की त्वरित पहल से 6 कर्मचारियों की सुरक्षित वापसी ने प्रशासन की आपदा प्रबंधन क्षमता और तत्परता को सामने रखा है। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कर्मचारियों को सुरक्षित वापस लाने से उनके परिजनों ने भी राहत की सांस ली।
इस दौरान आपदा प्रबंधन के नोडल अधिकारी मुकेश देवांगन, तहसीलदार पंचराम सलामे, जिला सेनानी पी.बी. सिदार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
The post बाढ़ में फंसे 6 कर्मचारी एयरलिफ्ट, प्रशासन ने ऐसे बचाई जान appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


