बहतराई सेंटर में खिलाड़ियों की डाइट पर बवाल, विभाग ने 24 घंटे में मांगा जवाब
रायपुर। बिलासपुर के बहतराई स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खिलाड़ियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत सामने आने के बाद खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। खिलाड़ियों के भोजन में कथित लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने संबंधित विभागीय सहायक संचालक और भोजन प्रदायक फर्म को नोटिस जारी किया है। दोनों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण के साथ तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने खिलाड़ियों की डाइट से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी और भोजन प्रदायक फर्म से जवाब मांगा है। विभाग ने कहा है कि शिकायत से जुड़े तथ्यों की वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया जाएगा और मामले की पूरी वस्तुस्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।
मामले की स्थल जांच और वस्तुस्थिति की पड़ताल के लिए संचालनालय स्तर से दो खेल अधिकारियों की जांच समिति गठित की गई है। समिति बहतराई स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचकर खिलाड़ियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन और संबंधित व्यवस्थाओं का परीक्षण करेगी। जांच के बाद समिति तथ्यात्मक प्रतिवेदन संचालनालय को सौंपेगी।
जांच रिपोर्ट के आधार पर सामने आने वाली वस्तुस्थिति के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खिलाड़ियों के भोजन, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने कहा कि खिलाड़ियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तायुक्त, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों और सेवा प्रदाताओं को खिलाड़ियों के हित में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग के अनुसार खिलाड़ियों के बेहतर प्रशिक्षण, डाइट और मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
The post बहतराई सेंटर में खिलाड़ियों की डाइट पर बवाल, विभाग ने 24 घंटे में मांगा जवाब appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


