नवा रायपुर में ई-बसों के संचालन समेत सड़क परियोजनाओं पर बड़ा फैसला
रायपुर।नवा रायपुर में ई-बसों के संचालन, नए कार्यालय भवनों के निर्माण और रायगढ़-जांजगीर-चांपा की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को लेकर मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नवा रायपुर अटल विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) और लोक निर्माण विभाग से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
# नवा रायपुर में ई-बसों के संचालन की तैयारी
बैठक में एनआरडीए के अंतर्गत कंप्लायंट बैटरी ऑपरेटेड मोटर एसी ई-बसों के डिजाइन, प्रोक्योरमेंट, सप्लाई, संचालन और संधारण के लिए ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर निविदा आमंत्रित करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। समिति ने परियोजना से जुड़े तकनीकी और क्रियान्वयन संबंधी विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के कार्यालय सहित अन्य कार्यालय भवनों के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने निर्माण की आवश्यकता, परियोजना की रूपरेखा और इससे जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की।
# रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन पर चर्चा
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत जिला रायगढ़ में रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन मार्ग के निर्माण प्रस्ताव पर भी बैठक में विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। करीब 37 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से संबंधित तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने परियोजना के लिए प्रभावित भूमि के अर्जन, भूमि व्यपवर्तन और निर्माण कार्य की तैयारियों की जानकारी समिति को दी। सड़क परियोजना के क्रियान्वयन से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं पर भी चर्चा की गई।
# अकलतरा बायपास निर्माण प्रस्ताव की समीक्षा
जांजगीर-चांपा जिले में लगभग 6.70 किलोमीटर लंबे अकलतरा बायपास मार्ग के निर्माण प्रस्ताव पर भी समिति ने चर्चा की। परियोजना से जुड़े तकनीकी, निर्माण और क्रियान्वयन संबंधी पहलुओं की समीक्षा करते हुए आगे की आवश्यक प्रक्रिया पर विचार किया गया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव भूवनेश यादव, ऊर्जा विभाग के सचिव सारांश मित्तर, एनआरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित लोक निर्माण, वित्त और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
The post नवा रायपुर में ई-बसों के संचालन समेत सड़क परियोजनाओं पर बड़ा फैसला appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


