होम › Chhattisgarh › धनगांव में रामधुनि की गूंज के बीच स्वर्ण जयंती समारोह का भव्य समापन
Chhattisgarh

धनगांव में रामधुनि की गूंज के बीच स्वर्ण जयंती समारोह का भव्य समापन

WhatsApp Facebook
धनगांव में रामधुनि की गूंज के बीच स्वर्ण जयंती समारोह का भव्य समापन

For latest updates, join our official groups:

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

रायपुर। बेमेतरा जिले के ग्राम धनगांव में आयोजित स्वर्ण जयंती एवं राज्यस्तरीय रामधुनि प्रतियोगिता का भव्य समापन भक्ति, संस्कृति और आध्यात्मिक उल्लास के बीच हुआ। मंजीरे की थाप और रामधुनि की गूंज से पूरा धनगांव भक्तिमय नजर आया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंची रामधुनि टोलियों ने पारंपरिक परिधानों में अपनी प्रस्तुतियों से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और भक्ति परंपरा की मनोहारी झलक प्रस्तुत की।

IMG-20261001-WA0008-300x225 धनगांव में रामधुनि की गूंज के बीच स्वर्ण जयंती समारोह का भव्य समापन

समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद विजय बघेल, विधायक दीपेश साहू और विधायक ईश्वर साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं संतवृंद शामिल हुए। छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष संत राजीव लोचन दास महाराज और ग्रामवासियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।

 

रामधुनि के बीच कौशल्या साय ने थामा मंजीरा

 

समारोह के दौरान कौशल्या साय का भक्तिमय अंदाज देखने को मिला। रामधुनि की प्रस्तुति के बीच उन्होंने स्वयं मंजीरा हाथ में लेकर भजन मंडली के साथ संगत की। मंजीरे की ताल और रामधुनि के सुरों से कार्यक्रम स्थल का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। उनकी इस सहभागिता ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

 

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रामधुनि टोलियों का बढ़ाया उत्साह

 

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कार्यक्रम में शामिल विभिन्न रामधुनि टोलियों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में सबसे अधिक रामधुनि टोलियां कबीरधाम जिले से पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि राम और सीता के मिलन से राग का निर्माण होता है और धनगांव में आयोजित यह आयोजन भक्ति एवं सत्संग की अनुभूति करा रहा है।

 

शहीद जवानों को किया गया नमन

 

कार्यक्रम के दौरान पितृ पक्ष के अवसर पर वर्ष 2000 से अब तक नक्सल अभियान में शहीद हुए 1399 जवानों को मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहीद जवानों के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने बस्तर संभाग सहित पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में आए बदलाव का भी उल्लेख किया।

 

धनगांव में 20 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा

 

समारोह के दौरान ग्राम पंचायत की सरपंच मोनिका गजानंद साहू ने गांव की विभिन्न विकास आवश्यकताओं से उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया। इस पर विजय शर्मा ने धनगांव में 20 लाख रुपए की लागत से शेड निर्माण और सामुदायिक भवन निर्माण कराने की घोषणा की। इस घोषणा के बाद ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

 

पेंड्रीतराई की रामधुनि टोली ने जीता प्रथम पुरस्कार

 

राज्यस्तरीय रामधुनि प्रतियोगिता में कबीरधाम जिले के पेंड्रीतराई की टोली ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टोली को एक लाख रुपए का पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में मुंगेली जिले के कन्हारपुर की टोली ने द्वितीय, बेमेतरा के कटई की टोली ने तृतीय, धमतरी के पोड़ी की टोली ने चतुर्थ और मुंगेली के पीड़ा की टोली ने पंचम स्थान प्राप्त किया।

 

समारोह में अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य दयावंत बांधे, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, संतवृंद, रामधुनि टोलियां और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

धनगांव में आयोजित यह समारोह धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता का संगम बन गया। रामधुनि की गूंज और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

The post धनगांव में रामधुनि की गूंज के बीच स्वर्ण जयंती समारोह का भव्य समापन appeared first on Ekhabri.com.

Source: Ekhabri

Ekhabri
मीडिया पार्टनर साभार (Syndicated) Ekhabri
मूल लेख पढ़ें ↗
दोस्तों के साथ साझा करें
📰 सम्बन्धित समाचार

यह भी पढ़ें (सम्बंधित ख़बरे)