दुर्ग के ट्रांसपोर्ट नगर में 1.05 करोड़ से बनेगी सीसी रोड, मंत्री ने किया भूमिपूजन
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में 105.85 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने मंगलवार को सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में अधोसंरचना विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ट्रांसपोर्ट नगर में सीसी रोड निर्माण की पहल की गई है। इस सड़क के बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने और यातायात व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। नागरिकों को बेहतर सड़कें, सुगम आवागमन और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मंत्री ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में सीसी रोड बनने से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र की परिवहन गतिविधियों को भी सुगमता मिलेगी। उन्होंने कहा कि दुर्ग शहर में नागरिकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए विभिन्न कार्य लगातार किए जा रहे हैं।
The post दुर्ग के ट्रांसपोर्ट नगर में 1.05 करोड़ से बनेगी सीसी रोड, मंत्री ने किया भूमिपूजन appeared first on Ekhabri.com.
साभार: Ekhabri


