डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा, उत्कृष्ट कर्मचारियों को मिला राज्य स्तरीय सम्मान
रायपुर, 27 जुलाई 2026।छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित मासिक सम्मान कार्यक्रम में ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलों के त्वरित और प्रभावी निराकरण तथा समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मुख्य सचिव विकासशील ने जून माह के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम में मंत्रालय के अधिकारी-कर्मचारी, विभागाध्यक्ष और प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस पहल का उद्देश्य सरकारी कामकाज में डिजिटल प्रणाली को मजबूती देना और कर्मचारियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
# जिलों और विभागों में भी होगा सम्मान कार्यक्रम
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि मंत्रालय की तर्ज पर विभागाध्यक्ष कार्यालयों और जिला स्तर पर भी हर माह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाए। इसके साथ ही ई-एचआरएमएस (e-HRMS), स्पैरो (SPARROW) और ई-ऑफिस सिस्टम में 100% डिजिटल ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
वर्ष 2025-26 के लिए वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन (ACR) को ऑनलाइन भरना और आधार-सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति को अनिवार्य किया गया है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
# राज्य स्तर पर मिलेगा पुरस्कार
सरकार ने घोषणा की है कि अगले माह से ई-ऑफिस में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विभागाध्यक्ष कार्यालय और जिलों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। 1 अप्रैल 2026 से 31 जुलाई 2026 तक के प्रदर्शन के आधार पर स्कोरबोर्ड और रैंकिंग जारी की जाएगी।
# उत्कृष्ट विभाग और अधिकारी हुए सम्मानित
विभागीय श्रेणी में *लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग* प्रथम, *गृह विभाग* द्वितीय और *वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग* तृतीय स्थान पर रहे।
अधिकारी श्रेणी में संयुक्त सचिव स्तर पर भूपेन्द्र कुमार राजपूत प्रथम, अनुपम त्रिवेदी द्वितीय और सच्चिदानंद आलोक तृतीय स्थान पर रहे। उप सचिव श्रेणी में दूरदेशी राम सोन्टापर प्रथम, शिव कुमार सिंह द्वितीय और किशोर कुमार भूआर्य तृतीय स्थान पर रहे।
अवर सचिव, अनुभाग अधिकारी, सहायक अनुभाग अधिकारी, सचिवालय सहायक और कंप्यूटर ऑपरेटर सहित विभिन्न श्रेणियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने वाले 19 अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
The post डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा, उत्कृष्ट कर्मचारियों को मिला राज्य स्तरीय सम्मान appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


