छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए 130 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट, 8 अक्टूबर को ड्राफ्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (सीएचएल) के पहले सीजन के लिए आयोजित दो दिवसीय चयन ट्रायल रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में संपन्न हो गया। चयन प्रक्रिया में प्रदेशभर से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। ट्रायल के लिए कुल 373 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि 223 खिलाड़ी चयन प्रक्रिया में शामिल हुए। दो दिनों तक चले ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद 130 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में जगह बनाने के लिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने मैदान पर अपना दमखम दिखाया। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों के खेल कौशल, प्रदर्शन और निर्धारित मानकों के आधार पर उनका मूल्यांकन किया गया। ट्रायल के बाद अब शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ियों की नजरें आगामी प्लेयर ड्राफ्ट पर टिकी हैं।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव लगातार दूसरे दिन चयन ट्रायल स्थल पहुंचे। उन्होंने मैदान पर खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखा और उनसे मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और मेहनत के जरिए अपने खेल को बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए आयोजित चयन ट्रायल का सफल समापन राज्य की हॉकी प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव है। 373 खिलाड़ियों का पंजीकरण और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से खिलाड़ियों की भागीदारी यह दर्शाती है कि राज्य में हॉकी को लेकर उत्साह और प्रतिभा दोनों मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि 130 खिलाड़ियों का शॉर्टलिस्ट होना चयन प्रक्रिया का अहम परिणाम है।
उन्होंने बताया कि अब शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ियों को प्लेयर ड्राफ्ट के जरिए लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा। सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धी माहौल, जरूरी अनुभव और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ियों को आगामी ड्राफ्ट और लीग के लिए शुभकामनाएं दीं।
चयन ट्रायल के बाद अब छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए टीमों के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए 8 अक्टूबर को रायपुर में सीएचएल प्लेयर ड्राफ्ट आयोजित किया जाएगा। ड्राफ्ट में चयन ट्रायल के बाद शॉर्टलिस्ट किए गए 130 खिलाड़ी शामिल होंगे।
प्लेयर ड्राफ्ट के दौरान लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमें अपनी-अपनी टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन करेंगी। ड्राफ्ट प्रक्रिया पूरी होने के बाद छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में उतरने वाली छह टीमों का अंतिम स्वरूप तय किया जाएगा।
चयन ट्रायल के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव और सचिव फिरोज अंसारी सहित अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
The post छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए 130 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट, 8 अक्टूबर को ड्राफ्ट appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


