होम Chhattisgarh छत्तीसगढ़ में खाली पदों पर भर्ती तेज, रिटायरमेंट मामलों पर बड़ा निर्देश
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में खाली पदों पर भर्ती तेज, रिटायरमेंट मामलों पर बड़ा निर्देश

WhatsApp Facebook
छत्तीसगढ़ में खाली पदों पर भर्ती तेज, रिटायरमेंट मामलों पर बड़ा निर्देश

For latest updates, join our official groups:

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के भारसाधक सचिवों की उच्च स्तरीय बैठक लेकर विभागीय योजनाओं, महत्वपूर्ण कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सेवानिवृत्ति प्रकरणों के त्वरित निराकरण, रिक्त और बैकलॉग पदों पर भर्ती, कर्मचारियों के प्रशिक्षण सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर दिशा-निर्देश जारी किए गए।

 

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों से जुड़े सभी प्रकरणों का निराकरण उनकी सेवानिवृत्ति से पहले ही सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी विभागों को विभागवार नियतकालिक सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सेवानिवृत्ति से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी न हो।

 

बैठक में विभिन्न विभागों में रिक्त पदों और बैकलॉग के पदों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को सेटअप तैयार कर रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सचिवों को नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति की समीक्षा करने को भी कहा।

 

लोक सेवा गारंटी और विभिन्न सरकारी पोर्टल की समीक्षा

 

बैठक के दौरान लोक सेवा गारंटी, सूचना का अधिकार, सेवा सेतु, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति, डी-रेगुलेशन और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अब तक लगभग 728 सेवाएं अधिसूचित की जा चुकी हैं।

 

अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए iGOT प्रशिक्षण अनिवार्य

 

मुख्य सचिव ने अधिकारियों और कर्मचारियों को iGOT Karmayogi प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभागीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। इसके तहत प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को हर महीने 1 से 3 प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरा करना अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य कर्मचारियों की कार्यक्षमता और प्रशासनिक दक्षता को और बेहतर बनाना है।

 

रिफॉर्म उत्सव अभियान के लिए विभागों को तैयारी के निर्देश

 

बैठक में मुख्य सचिव ने सभी विभागों को अपने-अपने विभाग से संबंधित सुधारों और रिफॉर्म की जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए। इन सुधारों और महत्वपूर्ण पहलों को आगामी दिनों में आयोजित होने वाले रिफॉर्म उत्सव अभियान में प्रदर्शित किया जाएगा।

 

मेरा युवा भारत पोर्टल पर युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण

 

मुख्य सचिव ने केंद्रीय खेल एवं युवा मंत्रालय के मेरा युवा भारत यानी MY Bharat पोर्टल पर राज्य के स्कूलों और कॉलेजों में अध्ययनरत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए जिला समन्वयकों और प्राचार्यों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने को कहा गया है।

 

बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, वित्त एवं जनसम्पर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, खनिज साधन विभाग एवं मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, ऊर्जा विभाग के सचिव सारांश मित्तर, श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक सहित राज्य शासन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

The post छत्तीसगढ़ में खाली पदों पर भर्ती तेज, रिटायरमेंट मामलों पर बड़ा निर्देश appeared first on Ekhabri.com.

Source: Ekhabri

Ekhabri
मीडिया पार्टनर साभार (Syndicated) Ekhabri
मूल लेख पढ़ें ↗
दोस्तों के साथ साझा करें
📰 सम्बन्धित समाचार

यह भी पढ़ें (सम्बंधित ख़बरे)