गुरु पूर्णिमा पर कोसमनारा पहुंचे मुख्यमंत्री, भोलेनाथ से मांगा आशीर्वाद
रायपुर, 29 जुलाई 2026। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायगढ़ जिले के ग्राम कोसमनारा स्थित प्रसिद्ध सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में श्रद्धा भाव से पूजा करते हुए राज्य की प्रगति और नागरिकों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन गुरु के प्रति आभार व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। गुरु का मार्गदर्शन जीवन में सही दिशा प्रदान करता है और व्यक्ति के भीतर आत्मबल तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
उन्होंने कहा कि कोसमनारा स्थित सत्यनारायण बाबा धाम प्रदेशवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा श्रद्धालुओं को मानसिक शांति और आत्मिक बल प्रदान करती है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर इस पवित्र धाम में पूजा-अर्चना करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े।
इस दौरान नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
–
The post गुरु पूर्णिमा पर कोसमनारा पहुंचे मुख्यमंत्री, भोलेनाथ से मांगा आशीर्वाद appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


