गणेशोत्सव में बस्तर की महिलाओं ने रचा कमाल, मूर्तियां बेचकर कमाए 1.80 लाख
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड के तारापुर गांव की महिलाओं ने अपने हुनर और मेहनत से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। गणेशोत्सव के अवसर पर ‘मिट्टी के गणेश मूर्ति निर्माण सिद्धि स्व सहायता समूह’ की महिलाओं ने इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं तैयार कर महज कुछ ही हफ्तों में 1.80 लाख रुपये की कमाई की।
समूह की महिलाओं ने शुद्ध मिट्टी से गणेश प्रतिमाओं का निर्माण किया। इन मूर्तियों को तैयार करने में किसी भी तरह के हानिकारक केमिकल और कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल नहीं किया गया। शांति नागवंशी, दसो भारती और रोमा नागवंशी के नेतृत्व में समूह की महिलाओं ने कुल 52 आकर्षक गणेश प्रतिमाएं तैयार की थीं।
गणेश चतुर्थी के दौरान बाजार में पहुंचते ही इन पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमाओं की मांग बढ़ गई। लोगों ने इको-फ्रेंडली मूर्तियों को पसंद किया और समूह की सभी 52 प्रतिमाएं हाथों-हाथ बिक गईं। इससे महिलाओं को कुल 1.80 लाख रुपये की आय हुई।
समूह की सदस्य शांति नागवंशी ने बताया कि अपनी मेहनत और हुनर से तैयार की गई गणेश प्रतिमाओं को लोगों द्वारा पूजा के लिए खरीदते देखना उनके लिए बेहद खुशी का पल है। उन्होंने कहा कि खुद की मेहनत से कमाई गई यह राशि उनके परिवार के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इस आय का उपयोग परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ बच्चों की शिक्षा पर भी किया जाएगा।
तारापुर गांव की महिलाओं की यह पहल सीमित संसाधनों के बीच शुरू हुई, लेकिन आज यह आत्मनिर्भरता की मिसाल बन गई है। इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं के निर्माण से न केवल महिलाओं को अच्छी आमदनी हुई, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी लोगों तक पहुंचा। उनकी सफलता बस्तर और आसपास के क्षेत्रों की अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही है।
The post गणेशोत्सव में बस्तर की महिलाओं ने रचा कमाल, मूर्तियां बेचकर कमाए 1.80 लाख appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


