स्कूल से लौटते बच्चों के बीच पहुंचे शिक्षा मंत्री, सुनीं स्कूल की जरूरतें
रायपुर। दुर्ग जिले के सेलूद में सोमवार को उस समय स्कूली विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे, जब स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे बच्चों के बीच शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव अचानक पहुंच गए। मंत्री ने बच्चों के साथ सहज और आत्मीय संवाद किया तथा उनकी पढ़ाई, स्कूल की गतिविधियों और आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव दुर्ग जिले के ग्राम फेकारी में आयोजित सेवा सेतु शिविर में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम से लौटते समय वे सेलूद चौक स्थित हाईस्कूल के विद्यार्थियों के बीच पहुंचे। शिक्षा मंत्री को अपने बीच देखकर विद्यार्थियों में उत्साह नजर आया। इस दौरान बच्चों ने खुलकर अपनी पढ़ाई, स्कूल की गतिविधियों और विद्यालय में आवश्यक सुविधाओं को लेकर अपनी बातें साझा कीं।

बच्चों से बातचीत के दौरान शिक्षा मंत्री ने उनकी पढ़ाई, तिमाही परीक्षा की तैयारी, स्कूल की गतिविधियों और खेल-कूद से जुड़े विषयों पर जानकारी ली। विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर में प्रार्थना शेड और मंच की आवश्यकता बताई। बच्चों की मांग को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना शेड और मंच निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी दौरान स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, सेलूद की अन्य आवश्यकताओं पर भी चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री ने विद्यालय परिसर में साइकिल स्टैंड, बाउंड्रीवाल और वॉलीबॉल ग्राउंड के निर्माण की घोषणा की। इन सुविधाओं के बनने से विद्यार्थियों को स्कूल परिसर में बेहतर शैक्षणिक और खेल वातावरण उपलब्ध होने की उम्मीद है।
शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई तकनीक का है। ऐसे में विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ तकनीकी ज्ञान में भी दक्ष बनना होगा। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में गूगल सहित विभिन्न संस्थाओं और कंपनियों के सहयोग से विद्यार्थियों को AI जैसी आधुनिक तकनीकों के लिए तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने विद्यार्थियों के लिए इंग्लिश लर्निंग कोर्स शुरू करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि बदलते समय के साथ विद्यार्थियों को नई तकनीकों और आधुनिक कौशल से जोड़ना जरूरी है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।
इसके बाद शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, सेलूद पहुंचे और विद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्राचार्य और शिक्षकों से स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली।
विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि स्कूल में शौचालय निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण, खेल सुविधाएं और जरूरी आधारभूत संसाधन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
सेलूद में शिक्षा मंत्री का विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर सीधे संवाद करना और उनकी मांगों पर तत्काल निर्देश देना चर्चा का विषय बना रहा। स्कूल में साइकिल स्टैंड, बाउंड्रीवाल, वॉलीबॉल ग्राउंड, प्रार्थना शेड और मंच जैसी सुविधाओं के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं खेल वातावरण मिलने की उम्मीद है।
The post स्कूल से लौटते बच्चों के बीच पहुंचे शिक्षा मंत्री, सुनीं स्कूल की जरूरतें appeared first on Ekhabri.com.
साभार: Ekhabri


