व्याख्याता पदोन्नति काउंसिलिंग में 92.34% अभ्यर्थियों की मौजूदगी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में व्याख्याता एवं व्याख्याता एल.बी. (टी-संवर्ग) के पद पर पदोन्नति के बाद पदस्थापना के लिए मंगलवार को ऑनलाइन ओपन काउंसिलिंग आयोजित की गई। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, शंकर नगर, रायपुर में सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित काउंसिलिंग में 209 अभ्यर्थियों में से 193 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान अभ्यर्थियों की उपस्थिति 92.34 प्रतिशत रही।
लोक शिक्षण संचालनालय ने संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा और जिला शिक्षा अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर विषयवार पदोन्नत व्याख्याताओं की काउंसिलिंग के लिए सूची तैयार की थी। दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद यह सूची 25 सितंबर 2026 को विभागीय पोर्टल eduportal.cg.nic.in पर अपलोड की गई थी।
ऑनलाइन ओपन काउंसिलिंग शुरू होने से पहले उपस्थित अभ्यर्थियों को पूरी प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अभ्यर्थियों से विद्यालयों के विकल्प लिए गए और पदस्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
हिंदी विषय में 74 अभ्यर्थियों में से 68 अभ्यर्थी काउंसिलिंग में उपस्थित हुए। इनमें सभी 68 अभ्यर्थियों ने पदस्थापना के लिए सहमति दी। अंग्रेजी विषय में 35 में से 29 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इनमें 24 ने सहमति दी, 3 अभ्यर्थियों ने असहमति जताई और 2 ने पदोन्नति से इनकार किया।
संस्कृत विषय में 50 में से 48 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग में हिस्सा लिया। इनमें 47 अभ्यर्थियों ने सहमति दी, जबकि एक अभ्यर्थी ने पदोन्नति से इनकार किया। वहीं गणित विषय में 50 में से 48 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इनमें 46 ने सहमति दी, एक ने असहमति जताई और एक अभ्यर्थी ने पदोन्नति से इनकार किया।
इस प्रकार कुल 209 अभ्यर्थियों में से 193 ने काउंसिलिंग में सहभागिता की। इनमें 185 अभ्यर्थियों ने पदस्थापना के लिए सहमति दी, जबकि 4 अभ्यर्थियों ने असहमति जताई और 4 ने पदोन्नति से इनकार किया। कुल 16 अभ्यर्थी काउंसिलिंग में अनुपस्थित रहे।
काउंसिलिंग में शामिल सभी अभ्यर्थियों के चयनित विद्यालयों में पदस्थापना की प्रक्रिया के तहत पदांकन आदेश प्राप्त किए जा रहे हैं। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में पदोन्नत व्याख्याताओं की नई पदस्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।
The post व्याख्याता पदोन्नति काउंसिलिंग में 92.34% अभ्यर्थियों की मौजूदगी appeared first on Ekhabri.com.
साभार: Ekhabri


