बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो शुरू, युवाओं को मिलेगा डिजिटल प्रतिभा का मंच
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जगदलपुर स्थित लाला जगदलपुरी ग्रंथालय परिसर में स्थापित बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो का शुभारंभ किया। आधुनिक तकनीक और डिजिटल संसाधनों से सुसज्जित यह क्रिएटर हब बस्तर के युवाओं, नवाचार से जुड़े लोगों और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता एवं विचारों को व्यापक मंच तक पहुंचाने का अवसर देगा।
शुभारंभ के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने क्रिएटर हब में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया और आधुनिक तकनीकी संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने युवाओं को डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर अपनी प्रतिभा सामने लाने तथा बस्तर की कला, संस्कृति, परंपरा, पर्यटन और विकास की सकारात्मक तस्वीर देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया।
# पहले पॉडकास्ट में विजय शर्मा का इंटरव्यू
बस्तर क्रिएटर हब के शुभारंभ के साथ ही इसके पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग भी की गई। इस पॉडकास्ट में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का इंटरव्यू रिकॉर्ड हुआ। उन्होंने बस्तर के विकास, युवाओं की भूमिका और नई तकनीकों के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।
# कंटेंट निर्माण और डिजिटल मीडिया के लिए आधुनिक सुविधाएं
बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो युवाओं को कंटेंट निर्माण, पॉडकास्ट, वीडियो प्रोडक्शन, डिजिटल मीडिया और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से स्थानीय युवा अपने विचारों, अनुभवों और नवाचारों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत कर सकेंगे।
क्रिएटर हब का उद्देश्य बस्तर की प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय विषयों, कहानियों, संस्कृति और पर्यटन को डिजिटल माध्यमों के जरिए देश और दुनिया तक पहुंचाना है। इससे बस्तर की सकारात्मक पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
# जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में महापौर संजय पाण्डेय, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना, सहायक कलेक्टर यशवंत नाईक, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा क्रिएटर हब से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।
The post बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो शुरू, युवाओं को मिलेगा डिजिटल प्रतिभा का मंच appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


