झाड़ू थामकर सफाई अभियान में उतरीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, दिया बड़ा संदेश
रायपुर। सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत सूरजपुर जिले के नगर पंचायत शिवनंदनपुर में जनभागीदारी से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आंबेडकर चौक के समीप स्थित हनुमान मंदिर परिसर में खुद झाड़ू लगाकर और खरपतवार हटाकर श्रमदान किया।
मंत्री राजवाड़े ने स्वच्छता दीदियों, स्थानीय महिलाओं और नागरिकों के साथ मिलकर सफाई अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने का संदेश दिया। अभियान में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस अभियान के दौरान हनुमान मंदिर परिसर की साफ-सफाई की गई। लोगों को अपने आसपास के क्षेत्र और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करना रहा।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सेवा और स्वच्छता से जुड़े कार्यों में लोगों की भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। सामूहिक प्रयासों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ उनका बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने शिवनंदनपुर स्थित इस स्थल को पार्क के रूप में विकसित करने की मंशा भी जताई।
मंत्री ने कहा कि स्थल के विकसित होने से स्थानीय लोगों को हरियाली के बीच एक व्यवस्थित सार्वजनिक स्थान उपलब्ध होगा। इससे नगर की सुंदरता बढ़ने के साथ नागरिकों के लिए बेहतर वातावरण भी तैयार किया जा सकेगा।
कार्यक्रम स्थल पर नगर पंचायत की ओर से लगाए गए सेवा संकल्प अभियान के फोटो फ्रेम के साथ मंत्री राजवाड़े ने तस्वीर भी खिंचवाई। स्वच्छता और कचरा मुक्त भारत के संदेशों से सुसज्जित यह फ्रेम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की पहल का हिस्सा रहा।
अभियान के समापन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा नगर को स्वच्छ, सुंदर और पॉलिथीन मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले, जनपद पंचायत अध्यक्ष स्वाती सिंह, अन्य जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
The post झाड़ू थामकर सफाई अभियान में उतरीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, दिया बड़ा संदेश appeared first on Ekhabri.com.
साभार: Ekhabri

