होम › Chhattisgarh › छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्रॉप सर्वे को लेकर मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्रॉप सर्वे को लेकर मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश

WhatsApp Facebook
छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्रॉप सर्वे को लेकर मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश

For latest updates, join our official groups:

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

रायपुर। छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत शत-प्रतिशत गिरदावरी सुनिश्चित करने और फसलों की वास्तविक स्थिति का सटीक रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव विकासशील ने शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति, भूमि अभिलेखों की स्थिति और सर्वे की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सर्वे में दर्ज जानकारी का सत्यापन करने और त्रुटियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि जिन क्षेत्रों में फसल बोई गई है, वहां की वास्तविक स्थिति का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाए। संबंधित खसरों का सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित भूमि पर फसल लगी है या नहीं। जिन खेतों में फसल बोई गई है, वहां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पॉलीगॉन बनाकर जानकारी दर्ज की जाए, ताकि डिजिटल क्रॉप सर्वे के आंकड़े सटीक और विश्वसनीय रहें।

## डिजिटल क्रॉप सर्वे का होगा क्रॉस वेरिफिकेशन

मुख्य सचिव ने सर्वे की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तर पर टीम गठित कर विभिन्न जिलों में फील्ड वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे में दर्ज जानकारी का मौके पर सत्यापन किया जाए। इसके साथ ही कितने खसरों का सत्यापन हुआ, कितने रिकॉर्ड सही पाए गए और किन स्थानों पर त्रुटियां मिलीं, इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए। गलत रिकॉर्ड को सुधारने के साथ सर्वे की आंतरिक जांच भी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने डिजिटल क्रॉप सर्वे के आंकड़ों का धान की खेती, किसान पंजीयन और धान उपार्जन से संबंधित आंकड़ों के साथ तुलनात्मक परीक्षण करने पर जोर दिया। अधिकारियों को विभिन्न विभागों के अभिलेखों में दर्ज जानकारी का मिलान कर विसंगतियों को दूर करने के निर्देश भी दिए गए।

## नक्शों की त्रुटियां दूर करने के लिए तलाशे जाएंगे तकनीकी समाधान

बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान सामने आ रही तकनीकी समस्याओं और नक्शों की अनुपलब्धता पर भी चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि इन समस्याओं के कारण सर्वे का काम अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। राजस्व विभाग को नक्शों से जुड़ी त्रुटियों के निराकरण के लिए उपयुक्त तकनीकी समाधान तलाशने और आवश्यकता के अनुसार नक्शों को अद्यतन करने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन मामलों में भौतिक सत्यापन या पॉलीगॉन सत्यापन जरूरी है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया जाए। इससे भूमि अभिलेखों को अद्यतन करने और फसल संबंधी जानकारी की विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

## कलेक्टरों के साथ बैठक कर होगी सर्वे की समीक्षा

मुख्य सचिव ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को जिलों में डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति और सत्यापन कार्यों की समीक्षा के लिए कलेक्टरों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों और खेतों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर किया जाए। सर्वे की नियमित निगरानी के साथ संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा किया जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की सचिव रीना बाबा साहब कंगाले, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, संचालक उद्योग प्रभात मलिक, संचालक भू-अभिलेख विनीत नंदनवार और संचालक खाद्य फरिया आलम सिद्दीकी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

The post छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्रॉप सर्वे को लेकर मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश appeared first on Ekhabri.com.

साभार: Ekhabri

Ekhabri
मीडिया पार्टनर साभार (Syndicated) Ekhabri
मूल लेख पढ़ें ↗
दोस्तों के साथ साझा करें
📰 सम्बन्धित समाचार

यह भी पढ़ें (सम्बंधित ख़बरे)