गुजरात टीटीएफ में छत्तीसगढ़ टूरिज्म की दमदार मौजूदगी, बढ़ी पहचान
रायपुर।छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने गुजरात के गांधीनगर में आयोजित ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (TTF) में प्रभावी सहभागिता दर्ज कराते हुए राज्य की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से प्रस्तुत किया। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराएं और प्रमुख पर्यटन स्थलों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में शामिल करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
26 पर्यटन व्यवसायियों के साथ मजबूत सहभागिता
टीटीएफ गांधीनगर में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के साथ 26 पंजीकृत ट्रैवल एजेंट और होटल व्यवसायियों ने भाग लिया। इससे राज्य के पर्यटन स्थलों को सीधे पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
100 वर्गमीटर में आकर्षक पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र
मेले में 100 वर्गमीटर क्षेत्र में तैयार छत्तीसगढ़ पवेलियन ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। पवेलियन में राज्य के जलप्रपात, वन क्षेत्र, धार्मिक स्थल, ऐतिहासिक धरोहर और एडवेंचर पर्यटन की संभावनाओं को प्रभावी तरीके से दर्शाया गया।
देशभर के पर्यटन विशेषज्ञों ने सराहा छत्तीसगढ़ मॉडल
देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे ट्रैवल एजेंट, होटल व्यवसायी और पर्यटन विशेषज्ञ लगातार छत्तीसगढ़ पवेलियन का दौरा कर रहे हैं। आगंतुकों ने राज्य की पर्यटन प्रस्तुति और संभावनाओं की सराहना की।
नए निवेश और साझेदारी की बढ़ी संभावनाएं
मेले के दौरान कई नए ट्रैवल एजेंट और पर्यटन व्यवसायियों ने छत्तीसगढ़ के साथ जुड़ने में रुचि दिखाई। इससे राज्य में पर्यटन निवेश, यात्रा पैकेज विस्तार और रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत हो रही छत्तीसगढ़ की पहचान
टीटीएफ जैसे राष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी से छत्तीसगढ़ को देश के पर्यटन बाजार से जोड़ने में मदद मिल रही है। राज्य की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विविधता अब देशभर के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनती जा रही है।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के ये प्रयास राज्य को एक सुरक्षित, आकर्षक और विविधतापूर्ण पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम साबित हो रहे हैं।
The post गुजरात टीटीएफ में छत्तीसगढ़ टूरिज्म की दमदार मौजूदगी, बढ़ी पहचान appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


